"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन का व्यापक पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 







जबलपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, मध्य प्रदेश इकाई द्वारा रविवार को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत शहर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

जबलपुर में यह अभियान मंडी कब्रिस्तान, खानकाह अमीरे मिल्लत और हनुमानताल गार्डन सहित कई स्थानों पर चलाया गया। वहीं प्रदेश के अन्य शहरों में भी संगठन के सदस्यों ने पौधारोपण कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक हो गया है। पेड़ न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान लोगों को अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर प्रदान करता है।

इस अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद अशफ़ाक आरिफ़ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

पौधारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं पठान समाज के सरदार हाजी मुईन ख़ान, मुस्लिम विकास परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. मुईन अंसारी, इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष चन्द्र मोहन विश्वकर्मा, फैजान कुरैशी, टीकाराम कोष्ठा, मेहताब आलम, मुख्तार अंसारी, इरफ़ान कुरैशी, बब्लू मंसूरी, साजिद खान, शाहिद कुरैशी, तारिक कुरैशी, अशरफ कुरैशी एवं मुजफ्फर कुरैशी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सतत जिम्मेदारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times