जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के पंचकुईया छोटा मैदान के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे बदमाशों ने 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रजा चौक निवासी रिहान हुसैन (17) कारपेंटर का काम करता है। सोमवार रात करीब एक बजे वह अपने दोस्तों गुलफाम, अहमद और नौशाद के साथ नया मोहल्ला में चाय पीने गया था। इसके बाद सभी दोस्त अपने-अपने घर जाने के लिए निकल गए। रिहान अपने दोस्त नौशाद उर्फ छोटू को मदार छल्ला स्थित उसके घर छोड़ने जा रहा था।
दोनों पंचकुईया से आगे बढ़े ही थे कि रास्ते में परिचित युवक एहफाज और उसके कुछ साथी मिल गए। आरोप है कि उन्होंने रिहान को रोककर रुपयों की मांग की। रिहान ने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में रिहान के पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर गया। दोस्त पर हमला होते देख नौशाद ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख हमलावर वहां से भाग निकले।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल रिहान को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच के आधार पर एहफाज अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
