अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपी गिरफ्तार, 60 लीटर कच्ची शराब जप्त

 थाना चरगवां पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 60 लीटर कच्ची शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार प्यासी ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सेमरा–उमरिया रोड पर साहूजी के खेत के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति प्लास्टिक के कुप्पों में कच्ची शराब रखकर बेचने की तैयारी में है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

मौके पर मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति प्लास्टिक के चार कुप्पों के साथ मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश उर्फ बोदा भूमिया उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम गंगई बताया। कुप्पों की जांच करने पर उनमें लगभग 60 लीटर कच्ची शराब भरी हुई पाई गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चारों कुप्पों में भरी 60 लीटर कच्ची शराब जप्त की। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times