थाना संजीवनी नगर क्षेत्र अंतर्गत ट्रक चालक की हुई अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मजदूरी के पैसे न मिलने से नाराज होकर ट्रक चालक की पत्थर पटककर हत्या करने वाले हेल्पर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 6 दिसंबर 2025 की है, जब शाही तालाब संजीवनी नगर में एक ट्रक के केबिन में व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पर थाना प्रभारी संजीवनी नगर निरीक्षक बी.डी. द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना देने वाले अजय पटेल ने बताया कि अंबिका प्रसाद शर्मा के मकान के सामने खड़े छः चक्का ट्रक क्रमांक CG 04 QG 9427 के केबिन में एक व्यक्ति औंधे मुंह मृत अवस्था में पड़ा है, जिसके सिर और चेहरे से खून बह रहा है।
मृतक की पहचान माधव रजक पिता गोपाल रजक उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी ग्राम पथरिया जिला दमोह के रूप में हुई। घटनास्थल पर मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए तथा पास में खून सना बड़ा पत्थर भी मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका स्पष्ट होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया, एफएसएल टीम एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। इस मामले में थाना संजीवनी नगर में अपराध क्रमांक 441/25 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
Tags
jabalpur
