जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम दरौलीकला में घर में घुसकर लूटपाट और 55 वर्षीय मूक-बधिर महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने प्रकरण में तीन पुरुष और एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोना-चांदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को ग्राम दरौलीकला निवासी संजय राठौर ने सूचना दी थी कि उनकी मां लक्ष्मीबाई राठौर (55) घर में अकेली थीं। इसी दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने घर से दो युवकों को भागते हुए देखने की जानकारी दी।
परिजन जब घर के भीतर पहुंचे तो लक्ष्मीबाई बंधी हुई अवस्था में मिलीं और उनके शरीर पर चोट के निशान थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घर की जांच में उनके गले का सोने का मंगलसूत्र और चांदी की चेन गायब मिली।
अंधी हत्या की जांच के लिए बनाई गईं विशेष टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी, एसडीओपी सिहोरा मोहंती मरावी, उप पुलिस अधीक्षक अपराध उमेश तिवारी एवं अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
तकनीकी साक्ष्यों से तीन आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों से पूछताछ के आधार पर कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम नन्हवारा कला से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
इनकी पहचान संदीप बर्मन पिता कमलेश बर्मन (20), सुनील बर्मन पिता दादूराम बर्मन (28) और संदीप बर्मन पिता बिहारी बर्मन (20) के रूप में हुई है।
महिला को अकेला जानकर बनाई लूट की योजना
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप बर्मन की रिश्तेदार सरिता बर्मन, निवासी दरौलीकला, को यह जानकारी थी कि लक्ष्मीबाई मूक-बधिर हैं और अक्सर घर में अकेली रहती हैं।
आरोप है कि इसी जानकारी के आधार पर घर की पहचान कराई गई और लूट की योजना तैयार की गई। पुलिस के अनुसार वारदात के दिन एक आरोपी मोटरसाइकिल लेकर बाहर रहा, जबकि दो आरोपी घर के अंदर दाखिल हुए।
पहचान उजागर होने के डर से हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार घर में घुसे आरोपियों ने लक्ष्मीबाई से मंगलसूत्र और चांदी की चेन लूट ली। इसके बाद पहचान उजागर होने के डर से महिला के हाथ-पैर बांध दिए गए और कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि षड्यंत्र में शामिल सरिता बर्मन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
लूटा गया सामान और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।
