जबलपुर/मंडला। मंडला जिले के निवास क्षेत्र में रविवार को श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ऑटो में सवार 12 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम डुंगरिया निवासी करीब 12 श्रद्धालु ऑटो में सवार होकर नर्मदा स्नान के लिए निकले थे। वाहन जब बसगढ़ी घाट से आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक ऑटो के ब्रेक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होते ही नियंत्रण खो बैठा चालक
ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी वहां पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाले गए घायल
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।
तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
