जबलपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को मदनमहल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने डॉग स्क्वॉड की मदद से पटाखों से भरे दो बैग जब्त किए। पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 9,800 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार दीपावली के मद्देनजर यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच की जा रही थी। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर तलाशी के दौरान डॉग स्क्वॉड के श्वान सिम्हा ने दो यात्रियों के बैग की ओर विशेष संकेत किया।
तलाशी में मिले ज्वलनशील पटाखे
इसके बाद आरपीएफ टीम ने दोनों बैग की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। रेलवे यात्रा के दौरान ऐसे ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन प्रतिबंधित होने के कारण टीम ने दोनों यात्रियों को पकड़ लिया और सामान जब्त कर लिया।
गाडरवारा के रहने वाले दोनों यात्री
आरपीएफ के मुताबिक पकड़े गए यात्रियों की पहचान अमित कुमार कोरी (26), पिता हीरालाल कोरी, निवासी निरंजन वार्ड और रोशन साहू (42), पिता प्रभुदयाल साहू, निवासी बीजासेन वार्ड, गाडरवारा जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है।
दोनों के कब्जे से पटाखों से भरे दो बैग और एक सामान्य यात्रा टिकट जब्त किया गया।
रेल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 164 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण कुमार मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक केएस भवेदी, प्रधान आरक्षक फिरोज खान, प्रधान आरक्षक अतुल जायसवाल और महिला प्रधान आरक्षक सीता कुरील की भूमिका रही।
