जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर में खेती-किसानी और मजदूरी की बात पर हुई कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार शेर सिंह तेकाम पर डंडे से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शंभू तेकाम और एक 17 वर्षीय विधि-विवादित बालक को पकड़ लिया है।
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के अनुसार सोमवार दोपहर मारपीट में घायल शेर सिंह तेकाम को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई ने पुलिस को दी घटना की जानकारी
पुलिस के मुताबिक मृतक के भाई मुन्नालाल तेकाम, निवासी नारायणपुर, ने बताया कि वह खेती-किसानी करता है। दोपहर करीब 1:30 बजे उसके छोटे भाई शेर सिंह के साथ शंभू तेकाम और 17 वर्षीय बालक ने कथित रूप से लकड़ी के डंडे से मारपीट की।
हमले में शेर सिंह के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
पिता को अपशब्द कहने की बात पर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि शेर सिंह का आरोपी शंभू तेकाम के पिता से किसानी और मजदूरी की बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान शेर सिंह ने अपशब्द कहे थे।
इसी बात से नाराज होकर शंभू तेकाम और 17 वर्षीय बालक मोटरसाइकिल से शेर सिंह के घर पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने डंडे से हमला कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई।
डंडा और मोटरसाइकिल जब्त
घटना के बाद पुलिस ने ग्राम नारायणपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से कथित रूप से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
.jpg)