जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र की बघराजी चौकी अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार फरियादी सुखसेन सिंह मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका साला जगदीश सिंह मरावी (49 वर्ष) ग्राम कल्याणपुर में पानी की टंकी के पास अपनी मड़ैया में रहता था। आरोप है कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच पुरानी रंजिश और विवाद के चलते परीवा बैगा उर्फ सिंह (53 वर्ष) और अग्नेयू उर्फ अघनू विश्वकर्मा (54 वर्ष) उसकी मड़ैया में पहुंचे और जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में जगदीश के गले और सीने पर कुल्हाड़ी के कई गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बघराजी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
