दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। एक ही मकान से चार शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान खेमा पटेल (27 वर्ष), उनकी बेटी उर्मिला पटेल (7 वर्ष), बेटे उमेश पटेल (4 वर्ष) और एक वर्षीय राजा पटेल के रूप में बताई गई है।
पति से पुलिस कर रही पूछताछ
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका का पति द्वारका पटेल मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता था और हाल ही में घर लौटा था। घटना के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद अथवा चरित्र संदेह की आशंका की चर्चा है, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने से पहले इसके कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए हत्या के मकसद को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
एसपी-एएसपी पहुंचे घटनास्थल
चार लोगों की हत्या की सूचना मिलने पर मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सागर से बुलाई गई फॉरेंसिक टीम
हत्या से जुड़े वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के लिए सागर से एफएसएल एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो और वारदात की परिस्थितियों को वैज्ञानिक तरीके से समझा जा सके।
छह महीने पुराने विवाद की भी जांच
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक करीब छह महीने पहले भी परिवार में विवाद हुआ था और मृतका द्वारा पुलिस से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुरानी शिकायत के रिकॉर्ड, परिजनों और ग्रामीणों के बयान तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका खुलासा पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा।
