जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के जोधपुर टोला में शनिवार सुबह एक महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी दोनों बेटियां खेलने के लिए अपने चाचा के घर गई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटियां खेलने गईं, भाई भी निकला था घर से
तिलवारा पुलिस के अनुसार जोधपुर टोला के स्कूल मोहल्ला निवासी मनीराम मरावी ने घटना की सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सरस्वती नरेती की शादी करीब पांच वर्ष पहले अक्षय नरेती निवासी रेंगा झोरी, बरगी से हुई थी। सरस्वती की दो बेटियां हैं।
परिजनों के मुताबिक रक्षाबंधन के बाद से सरस्वती अपनी दोनों बेटियों के साथ भाई के यहां जोधपुर पड़ाव में रह रही थी।
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे दोनों बच्चियां खेलने के लिए चाचा मिहिलाल बरकड़े के घर चली गई थीं। मनीराम भी कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था। इस दौरान सरस्वती घर में अकेली थी।
वापस लौटा भाई तो हुई घटना की जानकारी
कुछ समय बाद मनीराम घर लौटा तो उसने सरस्वती को फंदे पर पाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने पुलिस को महिला के पिछले कुछ समय से असामान्य व्यवहार की जानकारी भी दी है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों के संबंध में अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
तिलवारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान लेने के साथ ही महिला के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
