देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

दमोह-जबलपुर रोड पर दर्दनाक हादसा: भारी वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को रौंदा, दोनों की मौत

 

तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे घर, चिरई चोंच के पास पीछे से वाहन ने मारी टक्कर; चालक की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर/दमोह। दमोह-जबलपुर रोड पर चिरई चोंच के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों जबेरा में रिश्तेदार के घर तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।



तेरहवीं में शामिल होने जबेरा गए थे मां-बेटे

पुलिस के अनुसार कल्याणपुरा गांव निवासी रामकृष्ण सिंह (35) अपनी मां मंजली बहू (65) को बाइक पर बैठाकर जबेरा में अपनी बुआ के घर आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद रात में दोनों बाइक से वापस अपने घर के लिए रवाना हुए।

बताया जा रहा है कि रामकृष्ण बाइक लेकर चिरई चोंच गांव से आगे बढ़े ही थे कि पीछे से आए एक भारी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक समेत घिसटते चले गए दोनों

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामकृष्ण और उनकी मां बाइक सहित सड़क पर गिरकर कुछ दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने मां-बेटे को सड़क पर घायल अवस्था में देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रामकृष्ण और उनकी मां को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मां-बेटे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस अब दुर्घटना को अंजाम देने वाले भारी वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। हादसे के संबंध में आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times