जबलपुर | एनएसओ छात्र संगठन का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा और धरना प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के नाम कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के संस्थापक गोपाल पाराशर ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा नर्सिंग स्टूडेंट्स के 6 साल विलंब से चल रहे सत्र को सुधारने और मेडिकल यूनिवर्सिटी की व्यवस्थाएं सुधारने की बजाय मुख्यमंत्री द्वारा मेडिकल, नर्सिंग व पैरामेडिकल शिक्षा को बर्बाद किया जा रहा है। मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर के होते हुए भी नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय यूनिवर्सिटीज में जोड़ दिया गया है जबकि देश के अन्य राज्यों में नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज मेडिकल यूनिवर्सिटीज से ही जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही जबलपुर के साथ भेदभाव किया जा रहा है | संगठन द्वारा धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री से मांग की गई कि जबलपुर के साथ मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे पक्षपात को रोका जाए और मेडिकल यूनिवर्सिटी का विखंडन ना किया जाए और नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज मेडिकल क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं इसलिए इन्हें क्षेत्रीय यूनिवर्सिटीज से हटाकर वापस मेडिकल यूनिवर्सिटी में जोड़ा जाए | संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक सिंह व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कुशवाहा और आदित्य व पिंटू ने धरना प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी |
प्रदर्शन में पूर्णिमा, काजल, नेहा, कमला, साहिल, रविंद्र राजू, सुरेश सहित आधा सैकड़ा स्टूडेंट्स मौजूद रहे।
