जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए 500 रुपए देने से इनकार करने पर 19 वर्षीय बीटेक छात्र पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र की बाईं जांघ में चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शक्तिनगर गढ़ा निवासी आहान ढौडियाल (19) ज्ञानगंगा कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। आहान ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपने दोस्तों अनुभव त्रिवेदी, प्रियांस चौबे और अभिनव यादव के साथ अमोदा होटल के पास स्थित मैत्री अमृततुल्य चाय दुकान पर चाय पी रहा था।
500 रुपए नहीं दिए तो शुरू किया विवाद
शिकायत के मुताबिक इसी दौरान सिद्धार्थ ठाकरे वहां पहुंचा और कथित तौर पर शराब पीने के लिए आहान से 500 रुपए मांगने लगा। आहान ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
आहान ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी बाईं जांघ में चोट पहुंचा दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वह मौके से फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद आहान ने मदनमहल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ ठाकरे के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 118(1), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
