देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफ — मोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जबलपुर में चाक-चौबंद व्यवस्था, घाटों पर रात 12 बजे तक तैनात रहेगा पुलिस बल



जबलपुर। 11 दिवसीय श्रीगणेश महोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी से शुरू होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर, एसपी और नगर निगम कमिश्नर की निगरानी में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

ग्वारीघाट विसर्जन कुंड, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट, लम्हेटाघाट, भटौली, अधारताल, सूपाताल और हनुमानताल सहित प्रमुख जलस्रोतों एवं विसर्जन स्थलों पर सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक पुलिस बल तैनात रहेगा। संबंधित थाना प्रभारियों और संभागीय अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नर्मदा तटों की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग

गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राओं और जुलूसों को देखते हुए शहर में यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मां नर्मदा के प्रमुख तटों की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाए जाएंगे।

तिलवारा, भटौली, अधारताल, सूपाताल और हनुमानताल सहित प्रमुख विसर्जन केंद्रों पर जिला पुलिस बल के साथ यातायात पुलिस की संयुक्त ड्यूटी रहेगी। बड़े तालाबों, विसर्जन घाटों और नहरों के संवेदनशील किनारों पर भी बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

गहरे पानी से दूर रहने की दी जाएगी चेतावनी

चिह्नित विसर्जन घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रहेगा। इसके जरिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारी श्रद्धालुओं को समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों को गहरे पानी से दूर रहने की हिदायत दी जाएगी।

विसर्जन स्थलों पर पहुंचने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए निर्धारित विसर्जन कुंडों में ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times
askari times