देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

पश्चिम मध्य रेल में बिना टिकट यात्रियों पर शिकंजा, 6.86 लाख मामले पकड़े; 56.64 करोड़ रुपए वसूले

 


जबलपुर।
पश्चिम मध्य रेल (WCR) में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष टिकट चेकिंग अभियान में रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती चार महीनों में 6 लाख 86 हजार यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़ा गया, जिनसे जुर्माना और अतिरिक्त किराए के रूप में 56 करोड़ 64 लाख रुपए की रिकॉर्ड वसूली की गई।

प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के दिशा-निर्देशन और तीनों मंडलों के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधकों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर रेलवे मजिस्ट्रेट तथा आरपीएफ के समन्वय से लगातार जांच की जा रही है।

पिछले साल से 10.43 प्रतिशत अधिक राजस्व

रेलवे के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जुलाई/अगस्त की अवधि के दौरान वसूला गया 56.64 करोड़ रुपए का राजस्व, पिछले वर्ष की समान अवधि में वसूले गए 51.30 करोड़ रुपए की तुलना में 10.43 प्रतिशत अधिक है।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के अलावा अनबुक्ड लगेज और अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

जबलपुर मंडल रहा सबसे आगे

टिकट चेकिंग अभियान में जबलपुर मंडल ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। मंडल में 3 लाख 16 हजार मामलों में कार्रवाई करते हुए 27 करोड़ 92 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया गया।

वहीं, भोपाल मंडल में 2 लाख 30 हजार मामलों में कार्रवाई कर 17 करोड़ 50 लाख रुपए वसूले गए। कोटा मंडल में 1 लाख 28 हजार मामलों से 10 करोड़ 36 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के सीसीएम स्क्वाड ने भी विशेष अभियानों के दौरान 12 हजार मामलों में कार्रवाई करते हुए 86 लाख रुपए की राशि वसूल की।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा न करें। यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे काउंटर या अधिकृत ऐप से उचित टिकट लेने की सलाह दी गई है।

रेलवे के वाणिज्य विभाग और आरपीएफ द्वारा सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times