जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ाघाट और गाड़ाघाट टपरिया के बीच मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक नवल मल्लाह (सिंह) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उनके 15 वर्षीय छोटे भाई राहुल मल्लाह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
अनियंत्रित ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ाघाट टपरिया निवासी नवल मल्लाह अपने छोटे भाई राहुल के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही दोनों टपरिया मोड़ के पास खेत के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नवल के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
किशोर के पैर में आई गंभीर चोट
दुर्घटना में मोटरसाइकिल के पीछे बैठा राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में काफी चोट आई है। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया।
ऑटो जब्त, चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोडिंग ऑटो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
सब-इंस्पेक्टर अरविंद सिंह के अनुसार गाड़ाघाट टपरिया मार्ग पर लोडिंग ऑटो और बाइक की भिड़ंत में नवल सिंह की सिर में चोट लगने से मौत हुई है, जबकि 15 वर्षीय राहुल के पैर में चोट आई है। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
