पनागर के परियट में देर रात पुलिस की दबिश, नाल काटकर जुआ खिलाने वाले फड़बाज की तलाश
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम परियट में जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 85 हजार रुपये नगद, ताश के पत्ते और दो बिना नंबर की स्विफ्ट कारें जब्त की हैं। पुलिस के पहुंचते ही दो जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खिलाने वाले फड़बाज की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना पनागर अंतर्गत ग्राम परियट में अजीज उर्फ बबलू खान के प्लॉट पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह को सूचना की तस्दीक कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों के मार्गदर्शन में सूचना सही पाए जाने के बाद उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परियट के बड़ा मोहल्ला स्थित अजीज उर्फ बबलू खान के मकान के सामने दबिश दी।
घेराबंदी कर 14 जुआरियों को पकड़ा
पुलिस ने मौके पर जुआ खेल रहे लोगों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि जैन (47), अतुल चौरसिया (38), सलमान गोहर (28), राजा अहिरवार (29), बालचंद जैन (58), ओमेश्वर मेहरे (47), समीर आरिफ (42), मोहम्मद आरिफ (36), जितेन्द्र पटेल (29), अभिषेक अहिरवार (25), प्रवीण चौरे (29), प्रदीप शर्मा (30), अनिल यादव उर्फ अन्नू (28) और मोन्टी कोष्टा (22) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कृष्णा यादव उर्फ छोटू नाल काटकर जुआ खिलवा रहा था और उसके कहने पर वे जुआ खेल रहे थे। पुलिस के अनुसार, जुआ खेल रहे निखिल यादव और गोविंद यादव पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
85 हजार रुपये और दो स्विफ्ट कारें जब्त
पुलिस ने जुआरियों और फड़ से 85 हजार रुपये नगद, ताश के पत्ते तथा मौके पर खड़ी दो बिना नंबर की स्विफ्ट कारें जब्त की हैं। मामले में धारा 13 जुआ एक्ट एवं धारा 49 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस फरार आरोपियों के साथ-साथ जुआ खिलाने वाले फड़बाज कृष्णा यादव उर्फ छोटू की तलाश कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी पनागर डीएसपी विपिन बिहारी सिंह, उप निरीक्षक दिनेश गौतम, चौकी प्रभारी रामपुर उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव, चौकी प्रभारी यादव कॉलोनी उप निरीक्षक गनपत मसकोले सहित थाना पनागर, संजीवनी नगर और पुलिस लाइन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को सराहनीय बताया है।
