देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

हथियारों की रील बनाकर दहशत फैलाने वाला लकी पटेल NSA में निरुद्ध



जबलपुर। शहर के कुख्यात बदमाश लकी पटेल के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की अनुशंसा पर जिला दंडाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के विरुद्ध एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट के पालन में लार्डगंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल में निरुद्ध करा दिया।

थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि लकी पटेल (23 वर्ष), पिता राजकुमार उर्फ झल्लू पटेल, निवासी बीएल गैरेज गार्डन के पास, कछपुरा, थाना लार्डगंज, लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। वर्ष 2019 से अब तक उसके खिलाफ 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर अवैध हथियार रखने, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन उसके अपराधों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और वह लगातार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना रहा।
हथियारों के साथ रील बनाकर फैला रहा था दहशत

जांच में यह भी सामने आया कि लकी पटेल ने कुछ समय पहले चाकू और पिस्टल के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपलोड की थी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए अपनी आपराधिक छवि का प्रदर्शन कर लोगों में दहशत पैदा करने और प्रभाव जमाने का प्रयास करता था।
शिकायत करने से भी डरने लगे थे लोग

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लार्डगंज और आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण आम नागरिक भयभीत थे। स्थिति ऐसी बन गई थी कि कई लोग उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने या पुलिस को सूचना देने से भी कतराने लगे थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times