शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुकवासा बाईपास पर करीब एक बजे डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे में टैंकर चालक और उसका सहयोगी घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए टैंकर के केबिन में फंसे चालक और स्टाफ को बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।
हालांकि, हादसे के कुछ ही देर बाद घटनास्थल का नजारा बदल गया। टैंकर से डीजल रिसने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टियां, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बहते डीजल को भरने की होड़ मच गई। कई लोग अपनी क्षमता के अनुसार डीजल इकट्ठा करते नजर आए।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुट गई।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर टैंकर के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। वहीं, अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की दुर्घटनाओं के दौरान रिस रहे ज्वलनशील पदार्थों के पास जाने से बचें, क्योंकि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
