जबलपुर। मझौली नगर परिषद ने बकाया प्रीमियम राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वार्ड क्रमांक-8 स्थित आठ नवनिर्मित दुकानों पर ताला जड़ दिया। नगर परिषद की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकायादारों में भी हड़कंप मच गया है।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रीमियम की बकाया राशि जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर भी दिया गया, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार दुकानों को सील करते हुए उन पर ताला लगा दिया।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नगर परिषद की सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण, नियमों के पालन और लंबित राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। परिषद ने स्पष्ट किया कि संबंधित दुकानदारों द्वारा बकाया प्रीमियम राशि जमा करने के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर दुकानों के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
नगर परिषद ने अन्य सभी बकायादारों से भी समय पर अपनी बकाया राशि जमा करने की अपील की है, ताकि उनके खिलाफ भी इस तरह की कठोर कार्रवाई करने की आवश्यकता न पड़े।
कार्रवाई के दौरान उपेंद्र अमित बघेल, लक्ष्मी सिंह राजपूत, शोभित दुबे, अखिलेश साहू, दिलीप साहू, राहुल दुबे, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुशील सैनी, आशु रैकवार सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
