दमोह में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: घर में पक रहा था जंगली सुअर का मांस, दो शिकारी गिरफ्तार




मध्यप्रदेश के दमोह जिले के बांसनी गांव में वन विभाग ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शिकारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के घर पर दबिश के दौरान वन अमले ने जंगली सुअर का पका और कच्चा मांस, खून से सनी कुल्हाड़ी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पंच्चू गौंड़ और गोकुल गौड़ ने जंगल में एक जंगली सुअर का शिकार किया है और उसका मांस अपने घर ले जाकर पका रहे हैं। सूचना मिलते ही वन अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली।
घर का नजारा देखकर अधिकारी भी रह गए दंग

दबिश के दौरान वन विभाग की टीम ने देखा कि घर में जंगली सुअर का मांस पकाया जा रहा था। मौके पर खून से लथपथ कुल्हाड़ी, जानवर के बाल और मांस के अवशेष बिखरे पड़े थे। घर में रखे बर्तनों और डिब्बों में पका और उबला हुआ मांस भी मिला। इसके अलावा कच्चा मांस तथा जानवर के अन्य अवशेष भी बरामद किए गए।
पूछताछ में कबूला शिकार

वन अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शनिवार सुबह जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया था। शिकार के बाद जानवर को घर लाकर उसका मांस काटकर पकाया जा रहा था। इसके बाद वन विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल

वन विभाग ने बरामद मांस, जानवर के बाल और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए नमूनों को वैज्ञानिक (फॉरेंसिक) जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि बरामद मांस वन्यजीव का ही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की सख्ती जारी

वन अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को वन्यजीवों का शिकार करते पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times