3 मई की सनसनीखेज वारदात में युवक गंभीर रूप से झुलसा था, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज; पुलिस को मिले अहम सुराग



जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर से नीचे स्थित एक मकान पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर युवक को गंभीर रूप से झुलसाने वाले अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को पकड़वाने अथवा उसके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
घटना 3 मई की है, जब मदन महल फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले रुद्रांश बाण के घर पर फ्लाईओवर के ऊपर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। हमले की चपेट में आकर रुद्रांश का भाई शिवांश बाण गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अब उसकी हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मदन महल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना या आरोपी से जुड़ी कोई विश्वसनीय जानकारी हो, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित 5,000 रुपये का नकद इनाम भी प्रदान किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times