जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पहचान छिपाकर विवाह करने के आरोपों से जुड़ा एक मामला सामने आया है। एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक सैयद ईशाक इसरार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने अपना नाम राजकुमार बताकर हिंदू युवती से विवाह किया और लंबे समय तक अपनी वास्तविक पहचान छिपाए रखी।
गायत्री मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी शादीपीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से एक डेंटल क्लीनिक में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब दो वर्ष पहले गायत्री मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ। युवती का आरोप है कि शादी के काफी समय बाद उसे जानकारी मिली कि युवक का वास्तविक नाम सैयद ईशाक इसरार है और वह मुस्लिम समुदाय से है। उसका कहना है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर उससे विवाह किया।
दूसरी युवती से संबंध होने का भी आरोप
शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के किसी अन्य युवती से भी प्रेम संबंध थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विदेशी मुद्रा और आधार कार्ड की भी जांच
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के पास से विदेशी मुद्रा मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कथित तौर पर 'राजकुमार' नाम से आधार कार्ड कैसे बनवाया गया और उसमें किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता संबंधित डेंटल स्क्वायर क्लीनिक पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि युवक ने झूठी पहचान बताकर कई हिंदू युवतियों से संबंध बनाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही क्लीनिक प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई गई।
पुलिस बोली सभी पहलुओं की हो रही जांच
पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर सभी आरोपों की जांच की जा रही है। अभी जांच जारी है और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचा जाए।
