देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

छात्रावास में मचा हड़कंप, दूषित खाना-पानी खाने से छात्राएं बीमार; परिजनों का प्रदर्शन



कटनी। जिले के सरस्वाही स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद के छात्रावास में दूषित भोजन या पानी सेवन करने की आशंका के बीच 11 से अधिक छात्राएं बीमार हो गईं। शनिवार से शुरू हुई तबीयत बिगड़ने की घटनाएं रविवार को भी जारी रहीं, जब एक अन्य छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। मामले के सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और शिक्षा, खाद्य एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

बीमार छात्राओं को सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द और घबराहट जैसी शिकायतें होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि छात्राओं की तबीयत दूषित भोजन या दूषित पानी के सेवन से बिगड़ी हो सकती है। इसकी पुष्टि के लिए छात्रावास की रसोई और पेयजल स्रोत से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।

परिजनों का प्रदर्शन, लापरवाही के आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण छात्रावास परिसर पहुंच गए। अरविंद सिंह टेकाम के नेतृत्व में परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

अभिभावकों का कहना है कि छात्रावास में लंबे समय से साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी और सभी छात्राएं पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जातीं, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

प्रशासन और पुलिस मौके पर डटी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छात्रावास परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। अपर जिला पंचायत सीईओ, शिक्षा विभाग और खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता सभी छात्राओं का बेहतर उपचार सुनिश्चित करना है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि भोजन, पानी या प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों और वेंडर के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times