जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर के चुनाव के लिए मंगलवार 28 जुलाई 2026 को पुनर्मतदान कराया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी अधिवक्ता दिनेश उपाध्याय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए चुनाव प्रक्रिया में सहयोग का आग्रह किया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव व्यवस्था की निगरानी एडहॉक समिति के संयोजक प्रहलाद चौधरी सहित सहसंयोजक आर.के. दुबे, सुनील चौबे, अभय सिंह वाकुट, प्रवीण चतुर्वेदी, अरविंद चौधरी तथा चुनाव अधिकारियों सुधाकर मणि पटेल, आशीष सिन्हा, विकास पटेल, समौर विले, सरला पाण्डे, दिव्यकांति बोहरे, तुलसा कोष्टा और नारायण राव भोसले की टीम द्वारा की जाएगी।
लाइव प्रसारण और वरिष्ठ न्यायाधीशों की निगरानी
चुनाव प्रक्रिया का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके साथ ही छह न्यायाधीशों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं रवि रंजन श्रीवास्तव और गिरीश श्रीवास्तव की निगरानी में पूरी मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
मतदान के लिए जारी किए गए प्रमुख दिशा-निर्देश
- प्रत्याशी और उनके समर्थक शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करेंगे।
- मतदाताओं के अतिरिक्त केवल प्रत्याशियों को गेट नंबर-4 से प्रवेश मिलेगा।
- प्रत्याशी यूनियन बैंक तक ही मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे, इसके आगे केवल मतदाताओं को प्रवेश रहेगा।
- राज्य अधिवक्ता परिषद में पंजीकृत नहीं होने वाले व्यक्तियों का मतदान केंद्र तक प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- मतदान केंद्र के बाहर लगी स्क्रीन पर मतदान की स्थिति (गोपनीयता को छोड़कर) देखी जा सकेगी।
- दिव्यांग एवं शारीरिक रूप से अशक्त वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था रहेगी।
- मतदान केंद्र में मोबाइल फोन का उपयोग एवं मतपत्र की फोटो लेना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- फर्जी मतदान या मतदान कराने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- मतदान के दौरान प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा किया जाएगा और उनका निर्णय अंतिम होगा।
सुबह 9:45 बजे होगी मतपेटियों की सीलिंग
मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी प्रत्याशियों को निर्देशित किया है कि वे सुबह 9:45 बजे मतदान परिसर में उपस्थित रहें, जहां उनकी मौजूदगी में मतपेटियों को सील किया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 5:15 बजे मतपेटियों को पुनः सील किए जाने की प्रक्रिया के दौरान भी प्रत्याशियों की उपस्थिति अपेक्षित रहेगी। यदि कोई प्रत्याशी अनुपस्थित रहता है तो उपस्थित प्रत्याशियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय ने सभी प्रत्याशियों, समर्थकों एवं अधिवक्ताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक माहौल में मतदान संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
.jpg)