जबलपुर। शहर के प्रतिभाशाली छात्र अभिज्ञान चतुर्वेदी ने देश की दो सर्वाधिक चुनौतीपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं—जेईई (JEE) मैंस,एडवांस एवं नीट (NEET)—में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है।
अभिज्ञान ने जेईई मेन में 98.34 पर्सेंटाइल प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने नीट-यूजी 2026 में भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए सामान्य (UR) वर्ग में लगभग 19,000 अखिल भारतीय श्रेणी तथा 527 अंक प्राप्त किए। इस प्रकार उन्होंने गणित, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान पर आधारित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा तथा जीवविज्ञान, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान पर आधारित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा—दोनों में सफलता प्राप्त कर अपनी असाधारण बौद्धिक क्षमता और बहुआयामी तैयारी का परिचय दिया है।
जेईई और नीट दोनों ही देश की सबसे कठिन एवं अत्यधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में गिनी जाती हैं। इन दोनों परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना न केवल गहन अध्ययन, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम का परिणाम है, बल्कि यह अभिज्ञान की बहुमुखी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक क्षमता का भी प्रमाण है।
अभिज्ञान चतुर्वेदी के पिता प्रोफेसर अलकेश चतुर्वेदी उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, जबलपुर संभाग, जबलपुर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता डॉ. राखी चतुर्वेदी शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में प्राचार्य के रूप में पदस्थ हैं।परिवार ने इस सफलता का श्रेय अभिज्ञान की नियमित मेहनत, आत्मअनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा परिवार के सतत प्रोत्साहन को दिया है।
अभिज्ञान की इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, परिजनों तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो कठिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर निरंतर प्रयासरत हैं।
