जबलपुर–कोलकाता सीधी वायुसेवा की घोषणा का किया गया स्वागत



जबलपुर। जबलपुर संघर्ष समिति ने एलायंस एयर द्वारा जबलपुर से कोलकाता के लिए सीधी वायुसेवा प्रारंभ करने की घोषणा का हर्ष व्यक्त करते हुए इसका स्वागत किया है। समिति ने इसे जबलपुर की वायु संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि अप्रैल 2026 में जबलपुर संघर्ष समिति ने एलायंस एयर के शीर्ष प्रबंधन को पत्र लिखकर तथा विस्तृत चर्चा कर जबलपुर की वायु कनेक्टिविटी का विस्तार करने का आग्रह किया था। इस दौरान एलायंस एयर के स्थानीय प्रबंधन ने भी सकारात्मक सहयोग प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप आज जबलपुर–कोलकाता सीधी वायुसेवा प्रारंभ करने की घोषणा हुई है।

समिति ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए जबलपुर के लोकसभा सांसद श्री आशीष दुबे के विशेष प्रयासों एवं सक्रिय भूमिका की भी सराहना की। समिति का मानना है कि सांसद के सतत प्रयासों और सभी पक्षों के समन्वित सहयोग से यह मांग साकार हो सकी है। समिति के बलदीप मैनी, मनु शरत तिवारी, हिमांशु राय, प्रीति चौधरी, आई के खन्ना, अभिषेक जैन, सुनील श्रीवास्तव ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में जबलपुर से पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई तथा अन्य प्रमुख महानगरों के लिए भी नियमित और अधिक उड़ानें प्रारंभ की जाएंगी, जिससे महाकौशल क्षेत्र के उद्योग, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी।

समिति के अरुण पवार, देवब्रत मिश्रा, पी एस राजपूत, ने एलायंस एयर प्रबंधन, स्थानीय प्रबंधन तथा सांसद श्री आशीष दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर की वायुसेवाओं के विस्तार के लिए समिति के प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times