विद्युत कर्मचारियों ने संघर्ष तेज करने का किया ऐलान, जबलपुर में होगा प्रांतीय सम्मेलन




जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शक्तिभवन में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता मुख्य संगठनकर्ता एम.एल. चौकसे ने की। उन्होंने संगठन की भूमिका और कर्मचारियों के हितों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में मंडल के कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को मिलने वाली कैशलेस चिकित्सा सुविधा में बरती जा रही उदासीनता पर चिंता व्यक्त की और धारा 49(6) को समाप्त किए जाने के प्रयासों का विरोध करते हुए इसे कर्मचारियों के हितों के खिलाफ बताया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा। साथ ही आगामी समय में जबलपुर में प्रांतीय सम्मेलन आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। सम्मेलन की तिथि, समय और स्थान शीघ्र घोषित किए जाएंगे।

बैठक को रविशंकर सक्सेना, विजय कुमार चौकसे, दिनेश चौधरी और अखिलेश तिवारी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कर्मचारियों की एकजुटता पर बल देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक संघर्ष की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर आर.एस. पटेल, लल्लू पटेल, अब्दुल रहमान, लालजी सोनी, संजय एडवर्ड, वीरेंद्र सिंह प्रजापति, अजय पटेल, दिनेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दिनेश चौधरी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times