जबलपुर पुलिस का नशे पर प्रहार, ACC फैक्ट्री की भट्टी में जलाया 150 किलो गांजा



जबलपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए जबलपुर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए करीब 150 किलोग्राम गांजा का विधिवत विनिष्टीकरण किया। कटनी जिले के कैमोर स्थित एसीसी सीमेंट फैक्ट्री की उच्च तापमान वाली भट्टी में मादक पदार्थ को जलाकर नष्ट किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 21 प्रकरणों में जब्त 149 किलोग्राम 477 ग्राम गांजा को विनिष्टीकरण के लिए चयनित किया गया था। यह कार्रवाई डीआईजी जबलपुर रेंज अतुल सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बताया गया कि मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), नई दिल्ली तथा नारकोटिक मुख्यालय, भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई। डीआईजी अतुल सिंह के आदेश पर गठित टीम ने निर्धारित मानकों का पालन करते हुए गांजे को कैमोर स्थित एसीसी सीमेंट फैक्ट्री की भट्टी में डालकर पूरी तरह नष्ट किया।

विनिष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं भी पूरी की गईं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त किए गए मादक पदार्थों का समय-समय पर न्यायालय और संबंधित एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार विनिष्टीकरण किया जाता है, ताकि इनके दुरुपयोग की किसी भी संभावना को समाप्त किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times