जबलपुर। जबलपुर की छात्र नेत्री, एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव देवकी पटेल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ओबीसी विभाग की महिला विंग की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति कांग्रेस नेतृत्व द्वारा पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की नेतृत्व क्षमता एवं संगठन के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नियुक्ति के उपरांत देवकी पटेल ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि AICC ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय डॉ. अनिल जयहिंद जी, AICC सचिव आदरणीय श्री जितेंद्र बघेल जी तथा AICC सचिव आदरणीया श्रीमती सुभाषिनी यादव जी द्वारा उन पर व्यक्त किया गया विश्वास उनके लिए अत्यंत गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों की भागीदारी की पक्षधर रही है। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में प्रतिनिधित्व देकर कांग्रेस ने एक बार फिर समावेशी राजनीति के अपने संकल्प को मजबूत किया है।
देवकी पटेल ने कहा कि उन्हें सौंपी गई यह जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन, समाज एवं विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का दायित्व है। वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिलाओं एवं ओबीसी समाज के अधिकारों और हितों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
उन्होंने कांग्रेस के समस्त वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं समर्थकों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के बल पर वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी।
