मध्यप्रदेश में मानसून का जोर, 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; भोपाल-जबलपुर समेत 40 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक की चेतावनी



 भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और आगामी 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों के लिए भारी पड़ सकते हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 5 जुलाई के लिए प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि 5 जुलाई के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि 4 जुलाई को खरगोन, बड़वानी और खंडवा जिलों के लिए अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

इन 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बड़वानी, धार, रतलाम, शाजापुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्ना और बैतूल जिलों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

40 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, आगर मालवा, सीहोर, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, रीवा, सतना, मैहर, सीधी और सिंगरौली सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन को संभावित जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times