जीतू पटवारी को 5 करोड़ का मानहानि नोटिस, वीर भारत न्यास ने तीन दिन में मांगी सार्वजनिक माफी



भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वीर भारत न्यास से जुड़े भूमि मामले में लगाए गए आरोपों को लेकर न्यास की ओर से उन्हें 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। नोटिस में तीन दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

भोपाल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वीर भारत न्यास की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं ने बताया कि जीतू पटवारी ने सार्वजनिक मंच से यह आरोप लगाया था कि करीब 500 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन वीर भारत न्यास को मात्र एक रुपये में आवंटित की गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक और तथ्यों से परे है।

न्यास के अधिवक्ताओं के अनुसार, इन आरोपों से वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी की सामाजिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को गंभीर क्षति पहुंची है। इसी आधार पर जीतू पटवारी को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस जारी किया गया है।

नोटिस में जीतू पटवारी से कहा गया है कि वे तीन दिन के भीतर मीडिया के समक्ष सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर खेद व्यक्त करें और बिना शर्त माफी मांगें। यदि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऐसा करते हैं, तो न्यास उनकी खिलाफ कोई आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं करेगा।

हालांकि, वीर भारत न्यास ने स्पष्ट किया है कि यदि तय अवधि में माफी नहीं मांगी जाती, तो संस्था अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

फिलहाल इस मामले में जीतू पटवारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक और कानूनी हलकों में इस नोटिस को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times