मध्य प्रदेश में मानसून का कहर, भिंड में रेड अलर्ट; 9 जिलों में ऑरेंज और 35 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट

 

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए भिंड जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, रतलाम, राजगढ़, आगर-मालवा, शिवपुरी, टीकमगढ़, दतिया और निवाड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

35 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट

वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, बैतूल, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, रायसेन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, देवास, खंडवा, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, अनूपपुर, नीमच, उमरिया, कटनी, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, मैहर, बालाघाट, धार और पांढुर्णा सहित 35 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

जुलाई में बदला मानसून का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, जून माह में प्रदेश में सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून ने रफ्तार पकड़ ली और लगातार हो रही बारिश से वर्षा की कमी पूरी हो गई है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में सामान्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

प्रशासन ने लोगों से बरतने की अपील की सावधानी

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times