गांव से युवती को जबरन ले जाने का वीडियो वायरल, पुलिस ने सकुशल किया बरामद

 



बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक युवती को कथित तौर पर गांव से उठाकर ले जाने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

यह मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों की शिकायत पर हुकुम रावत सहित 25 से 30 लोगों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया है।

दिनदहाड़े गांव से ले गए युवती

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवती के परिजनों और आरोपी पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि दो लाख रुपये लेने के बावजूद युवती को युवक के साथ नहीं भेजा गया। इसके बाद 25 से 30 युवक गांव पहुंचे और कथित तौर पर सबके सामने युवती को जबरन अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि दो युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, युवती सकुशल बरामद

घटना की सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए युवती को निहाली गांव से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी सच्चाई

पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवती और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां और कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times