देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

15 एकड़ जमीन के विवाद में हुई थी हत्या, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य साजिशकर्ता

 



जबलपुर। रांझी के बहुचर्चित क्लेरेंस उर्फ राजा हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता और 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी बाबा उर्फ विकास (रिंकू) नेल्सन उर्फ बाबा ईसाई को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को बुधवार शाम करीब 5 बजे कटंगा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। फिलहाल उससे हत्या की साजिश, फरारी के दौरान मिली मदद और अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

15 एकड़ जमीन के विवाद में हुई थी हत्या

पुलिस जांच के अनुसार 23 अप्रैल को क्लेरेंस उर्फ राजा की हत्या रायपुर स्थित करीब 15 एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद के कारण कराई गई थी। आरोप है कि क्लेरेंस जब मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी आरोपियों ने चलते वाहन पर उसके सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड ने शहर में सनसनी फैला दी थी।

जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने भी पूछताछ में संपत्ति विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह बताया था।

पहले भी कई आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20) निवासी नरसिंहपुर, हाल निवासी अनमोल वाटिका माढ़ोताल तथा मोहित ठाकुर (20) निवासी वर्धा हाउस, पुल नंबर-2, कैंट को गिरफ्तार कर चुकी है।

इसके बाद 18 जून को पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन और उसके एक नाबालिग साथी को गोरखपुर स्थित ईसाई कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी। न्यायालय के आदेश पर प्रिंस नेल्सन को जेल भेज दिया गया था, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

20 हजार का इनामी था बाबा नेल्सन

घटना के बाद फरार चल रहे प्रिंस नेल्सन और बाबा उर्फ विकास नेल्सन पर पहले 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर उप महानिरीक्षक (DIG) ने दोनों पर इनाम बढ़ाकर 20-20 हजार रुपये कर दिया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times