जबलपुर। शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए गोहलपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें और 10 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
संदिग्ध गतिविधि से खुला चोरी का राज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल पर कुछ युवक घूमते दिखाई दिए थे। सूचना मिलते ही गोहलपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया। जब उनसे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलों की जानकारी दी, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में—
मोहम्मद सादाब (19 वर्ष) निवासी बाबा टोला, टेढ़ीनीम, थाना हनुमानताल
फैजान खान (20 वर्ष) निवासी 16 क्वार्टर, थाना हनुमानताल
शाहरुख उर्फ टूटी (25 वर्ष) निवासी टेढ़ीनीम, थाना हनुमानताल
शामिल हैं।
वहीं ई-रिक्शा बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने—
मोहम्मद फैजल अंसारी (20 वर्ष) निवासी गाजीनगर, गोहलपुर
मोहम्मद इमरान (18 वर्ष) निवासी आयशा नगर, आधारताल
मोहम्मद अशफाक (18 वर्ष) निवासी गुरदा, आधारताल
को गिरफ्तार किया है।
शहर के कई थाना क्षेत्रों से चुराए गए थे वाहन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गोहलपुर, ग्वारीघाट, गोरखपुर, मदनमहल, आधारताल, ओमती, रांझी तथा कटनी जिले की सिलौड़ी चौकी क्षेत्र से कुल 10 वाहन चोरी किए थे। इनमें एक्सेस-125, टीवीएस अपाचे, होंडा लिवो, हीरो पैशन प्रो, स्प्लेंडर और बजाज पल्सर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद एक्सेस-125 की चोरी के संबंध में गोहलपुर थाने में पहले से अपराध दर्ज था, जबकि अन्य वाहनों के मालिकों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
शातिर अपराधी निकले आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। आरोपी फैजान खान के खिलाफ लूट, चोरी और अवैध शराब से जुड़े 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं शाहरुख उर्फ टूटी के खिलाफ चोरी, मारपीट और अवैध हथियार रखने सहित 14 मामले दर्ज होना सामने आया है।
ई-रिक्शा बैटरी चोरी का भी खुलासा
गोहलपुर थाना क्षेत्र के संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला और चौधरी मोहल्ला रद्दी चौकी से चोरी हुई 10 ई-रिक्शा बैटरियों के मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की सभी बैटरियां बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय, उप निरीक्षक अंबुज पांडे, रवि सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक देवराज बागरी सहित प्रधान आरक्षक जितेन्द्र यादव, जितेन्द्र तिवारी, बालकृष्ण त्रिपाठी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे शहर में वाहन चोरी पर बड़ी कार्रवाई बताया है।
