शिवपुरी। Mining Inspector Slaps Youth: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक माइनिंग इंस्पेक्टर चर्चा में आ गए। उनका एक युवक को थप्पड़ मारते और धक्का देते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उनकी दबंगई का मामला सामने आने के बाद उन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, पिछोर थाना अंतर्गत अवैध खनिज परिवहन के मामले में बुधवार को माइनिंग विभाग के इंस्पेक्टर ऋषभ दीक्षित ने कुछ लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया था। इस बीच शुक्रवार की रात को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में माइनिंग इंस्पेक्टर खुद एक युवक को चांटा मारने के साथ धक्का देते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक माइनिंग विभाग के निरीक्षक ऋषभ दीक्षित कुछ दिन पहले पिछोर क्षेत्र में भ्रमण पर गए थे। इस दौरान उन्होंने पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी थी और जब चालक के पास पत्थर से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले तो ट्रैक्टर ट्राली को जप्त करने की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान उनका विवाद कुछ लोगों से हो गया था।
माइनिंग इंस्पेक्टर ने बाद में पिछोर थाने में मंगल लोधी सहित अन्य लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया था। अब इसी घटनाक्रम में एक वीडियो शुक्रवार रात को वायरल हुआ है जिसमें माइनिंग इंस्पेक्टर खुद एक युवक को चांटा मारते हुए और धक्का मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को देखने के बाद पूरा मामला उलटा नजर आ रहा है।
