जबलपुर। स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी के 80वें जन्म दिवस के अवसर पर दादा रोहाणी सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय सामाजिक, खेल एवं जनसेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ आज प्रातः "दादा लीजेंडरी रन उत्सव 2026" के साथ अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिवाजी ग्राउंड, सदर से प्रारंभ हुई रन में लगभग 4000 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
आज सोमवार को पीएम श्री महाकौशल महाविद्यालय, सिविल लाइन्स में प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियाँ एवं संस्थान उपस्थित रहेंगे, जहाँ युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार एवं करियर के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज सेवा के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम के तृतीय दिवस कल मंगलवार को प्रातः 6:00 बजे दादा ईश्वर दास रोहाणी पार्क, अंपायर चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 1 जुलाई को मानस भवन में आयोजित "गौरव शिखर सम्मान समारोह" के साथ होगा। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, खेल, संस्कृति, उद्योग, साहित्य, पत्रकारिता एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा।
