जबलपुर: मंदिर जा रहे युवक पर रिश्ते के साले ने की फायरिंग, घर में छिपकर बचाई जान
मंदिर जाते समय रास्ता रोककर हमले का आरोप
जबलपुर। कोतवाली थानान्तर्गत साठियां कुआं क्षेत्र में देर रात मंदिर दर्शन करने जा रहे युवक पर उसके रिश्ते के साले ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने पास के एक घर में घुसकर दरवाजा बंद किया और अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, छोटी ओमती निवासी 25 वर्षीय सोहिल सोनकर निजी अस्पताल कर्मचारी है। वह बीती रात करीब 12.15 बजे अपने दोस्त सुमित यादव के साथ वाहन से अघोरी बाबा मंदिर दर्शन करने जा रहा था। साठियां कुआं के पास पीछे से आए उसके रिश्ते के साले ओम सोनकर ने गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए ओम ने पिस्टल निकाली और जान से मारने की नीयत से सोहिल पर फायर कर दिया। अचानक फायरिंग होने पर सोहिल जान बचाने के लिए दौड़ा और पास के एक घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। आरोपी बाहर पिस्टल लहराते हुए उसे जान से मारने की धमकी देता रहा। कुछ देर बाद वह अपने एक साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश
दहशत के कारण सोहिल तत्काल थाने नहीं जा सका। बाद में उसने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ओम सोनकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
