जबलपुर। रसल चौक स्थित शराब दुकान के पास शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगने का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। घायल को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से मिली सूचना के बाद ओमती थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार केंट क्षेत्र के तीसरा पुल, गोलछा बारात घर कम्पाउंड निवासी नवीन लेपचा पुल नंबर-4 के पास मोमोज का ठेला लगाते हैं। वह रसल चौक स्थित शराब दुकान के पास गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगने लगा।
रुपए देने से मना किया तो चाकू से किया हमला
शिकायत के मुताबिक नवीन ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से नवीन के चेहरे पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी रसल चौक की ओर भाग निकला।
घायल नवीन को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए।
CCTV से आरोपी की तलाश
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(A) और 119(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान के लिए रसल चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फुटेज और पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
