जबलपुर। विश्व समोसा दिवस के अवसर पर जबलपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 5 सितंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चेम्बर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में गरमा-गरम समोसों के साथ शहर के व्यापार, उद्योग और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान समोसा व्यवसाय और उससे जुड़े व्यापारिक अवसरों को लेकर भी विचार साझा किए गए। चेम्बर प्रतिनिधि प्रेम दुबे ने कहा कि जबलपुर में समोसे का कारोबार बड़े स्तर पर होता है। उन्होंने दावा किया कि जबलपुर से प्रतिवर्ष करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का समोसा कारोबार होता है और यहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसका एक्सपोर्ट किया जाता है।
व्यापारिक समुदाय को जोड़ने का प्रयास
चेम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल मनोरंजन और स्वाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यापारिक समुदाय को एक मंच पर लाने और नए विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम भी बनते हैं। समोसा दिवस के अवसर पर हुई चर्चा में स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और जबलपुर के विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में चेम्बर के प्रेम दुबे, अजय अग्रवाल, अजय बख्तारवर, नरिन्दर सिंह पांधे, शरद अग्रवाल, दीपक जैन, प्रीति चौधरी, प्रदीप चड्डा, मनोज सेठ, राजेश सिंह, सुशील डी. गुप्ता, राजेश जैन, सुनील महावर, ज्ञानचंद गुप्ता, उमेश ग्रावकर और शशिकांत पांडेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
चेम्बर प्रवक्ता शशिकांत पांडेय ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आयोजन का उद्देश्य व्यापारिक सहभागिता को बढ़ावा देना और स्थानीय व्यवसायों से जुड़े विषयों पर संवाद को मजबूत करना था।
