मनोज उर्फ बाबा सोनकर हत्याकांड में 15 हजार का इनामी बंटी मराठा गिरफ्तार
जबलपुर। भानतलैया मेन रोड पर गणेश प्रतिमा निर्माण में जुटे मूर्तिकार मनोज उर्फ बाबा सोनकर की गोली मारकर हत्या के मामले में हनुमानताल पुलिस ने फरार चल रहे बंटी उर्फ प्रवीण राव मराठा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर अलग-अलग मामलों में कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे भानतलैया मेन रोड पर गणेश प्रतिमा बनाने का काम कर रहे मनोज उर्फ बाबा सोनकर की आरोपियों ने पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद थाना हनुमानताल पुलिस ने अपराध क्रमांक 649/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5), 61(2), एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पांच आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में संजय उर्फ निक्की चौधरी, सुमित चौधरी, स्वाती राव, शुभा राव और चिंटू उर्फ भरत यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
बंटी मराठा पर कुल 15 हजार का इनाम
फरार आरोपी बंटी उर्फ प्रवीण राव मराठा (36), निवासी सिंधी कैंप पुलिस चौकी के पीछे, भानतलैया क्षेत्र, अन्य मामलों में भी पुलिस को वांछित था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के मामले में 5 हजार रुपये और मनोज सोनकर हत्याकांड में गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रात 3:35 बजे पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ के निर्देशन में गठित टीम ने 5 नवंबर 2026 की रात करीब 3:35 बजे बंटी मराठा को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के कब्जे से हत्या की वारदात में प्रयुक्त एक पिस्टल भी जब्त की गई है।
विशेष न्यायालय ने भेजा केंद्रीय जेल
आरोपी को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट कोर्ट जबलपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
गिरफ्तारी की कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शशांक सिंह गुर्जर की टीम के साथ थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पांडेय, योगेंद्र सिंह, महेंद्र बेन, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजा भैया, सैय्यद रिजवी, आरक्षक आशीष तिवारी, साजिद खान, राजकुमार एवं अन्य स्टाफ की भूमिका रही।
