देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

तीन साल बाद भी अधूरा वादा, अब भाजपा नेताओं के दरवाजे पर पहुंचा सिहोरा जिला आंदोलन



भाजपा राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी की चुनावी घोषणा का ऑडियो सुनाकर सौंपे जा रहे स्मरण पत्र,

 समिति ने पूछा—मुख्यमंत्री आखिर कब पूरा करेंगे वादा?


सिहोरा - “सिहोरा जिला बनाने का प्रस्ताव मैं स्वयं सरकार के समक्ष लेकर जाऊंगी।” विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी द्वारा सिहोरा में की गई इस घोषणा को अब लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने भाजपा नेताओं के घर-घर तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। समिति द्वारा घोषणा का ऑडियो सुनाकर स्मरण पत्र सौंपने के अभियान से भाजपा के स्थानीय नेताओं में भी हलचल बढ़ गई है।

शुक्रवार को आंदोलन के द्वितीय दिवस समिति के सदस्य भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शिशिर पांडे के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्मृति ईरानी की चुनाव पूर्व की गई घोषणा का ऑडियो सुनाया और सिहोरा को जिला बनाने के वादे की याद दिलाते हुए स्मरण पत्र सौंपा।

समिति ने सवाल उठाया कि विधानसभा चुनाव के समय सिहोरा को जिला बनाने की घोषणा सार्वजनिक रूप से की गई थी। सरकार बने करीब तीन वर्ष होने को हैं, लेकिन अभी तक सिहोरा जिला बनाने की दिशा में कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या चुनाव के पूर्व की गई घोषणा केवल चुनाव जीतने का हथकंडा थी या भाजपा सरकार वास्तव में सिहोरा को जिला बनाने के लिए गंभीर है।

समिति का कहना है कि भाजपा नेताओं के सामने सबसे बड़ी स्थिति यह है कि वे चुनाव पूर्व हुई घोषणा से इंकार भी नहीं कर सकते। घोषणा का ऑडियो स्वयं उनके सामने सुनाया जा रहा है और भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेता भी स्वीकार कर रहे हैं कि चुनाव के पूर्व ऐसी घोषणा हुई थी।


घोषणा से इंकार नहीं कर सकते - शिशिर पांडे

स्मरण पत्र प्राप्त करने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता शिशिर पांडे ने कहा कि यह सच है कि विधानसभा चुनाव के पूर्व उनके सामने भाजपा को वोट देकर विधायक और सरकार बनाने पर  सिहोरा जिला का प्रस्ताव सरकार तक स्वयं ले जाने का वचन राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी द्वारा दिया गया था। उन्होंने कहा कि वे इस विषय को सिहोरा विधायक और पार्टी के माध्यम से ऊपर तक पहुंचाएंगे तथा सिहोरा जिला बने, इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे।


शनिवार को पूर्व विधायक के घर पहुंचेगा आंदोलन

आंदोलन समिति ने अब अपना अभियान और तेज करने का निर्णय लिया है। शनिवार को समिति के सदस्य पूर्व विधायक दिलीप दुबे एवं नगरपालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे के निवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे और उन्हें भी चुनाव पूर्व की गई घोषणा का ऑडियो सुनाकर स्मरण पत्र सौंपेंगे।

समिति का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सिहोरा जिला बनाने के वादे को पूरा कराने के लिए भाजपा नेताओं और सरकार को उनकी घोषणा की याद दिलाने का अभियान है।


‘आने वाले चुनाव में जनता की आंखों में आंखें डालकर क्या जवाब देंगे?’

समिति के इस अभियान को लेकर सिहोरा में चर्चा तेज हो गई है। खासतौर पर भाजपा के ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के पद पर बैठे नेता द्वारा सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई थी, तो उसे अमल में लाने के लिए अब तक क्या प्रयास हुए?

समिति का कहना है कि भाजपा नेताओं को आने वाले चुनाव में फिर जनता के बीच जाना है। ऐसे में यदि राष्ट्रीय महासचिव की सार्वजनिक घोषणा भी पूरी नहीं होती, तो वे सिहोरा की जनता की आंखों में आंखें डालकर वोट कैसे मांग पाएंगे?

आंदोलन समिति के अनुसार अब सिहोरा की जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जिला बनाने की दिशा में ठोस निर्णय और समयबद्ध कार्रवाई चाहती है।

शुक्रवार के प्रदर्शन में अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, नंदकुमार परोहा, रामजी शुक्ला, अनिल खंपरिया, संतोष वर्मा, संजय पाठक,उमेश चौबे,प्रदीप दुबे, राकेश पाठक,संतोष पांडे,सुनील कुररिया,सुमित शुक्ला,शरद सेठ,मोहन सोंधिया,सुदामा गुप्ता,घनश्याम महोबिया सहित अनेक सिहोरा वासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times