देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफमोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

ग्वारीघाट में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड जवानों से भरी मोटरबोट डूबी, 16 जवान थे सवार

 

जबलपुर। ग्वारीघाट में शुक्रवार को नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड जवानों से भरी मोटरबोट अचानक डूब गई। हादसा उस समय हुआ, जब बरगी बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए होमगार्ड की टीम मोटरबोट से पेट्रोलिंग कर रही थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी जवान सुरक्षित बच गए और किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान नदी के तेज बहाव के बीच मोटरबोट का इंजन अचानक खराब हो गया। इसके बाद बोट में पानी भरने लगा। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और मोटरबोट नदी में डूब गई। बोट में सवार जवानों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के दौरान कुछ जवानों ने तैरकर नदी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने भी बचाव कार्य में मदद करते हुए कई जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला।

क्षमता से अधिक जवानों के सवार होने पर उठे सवाल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जिस मोटरबोट से पेट्रोलिंग की जा रही थी, उसकी क्षमता करीब 4 लोगों की बताई जा रही है, जबकि हादसे के समय उसमें लगभग 16 जवान सवार थे। क्षमता से कई गुना अधिक जवानों के बोट में सवार होने की जानकारी सामने आने के बाद पेट्रोलिंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मोटरबोट भानु नामक जवान चला रहा था। इंजन खराब होने के बाद बोट में तेजी से पानी भरने लगा और जवानों ने किसी तरह बाहर निकलने का प्रयास किया।

विभाग ने शुरू की जांच

मोटरबोट में निर्धारित क्षमता से अधिक जवानों के सवार होने की जानकारी सामने आने के बाद होमगार्ड विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि पेट्रोलिंग के दौरान क्षमता से अधिक जवानों को बोट में क्यों बैठाया गया और नदी में उतरते समय सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इसके साथ ही मोटरबोट के इंजन में खराबी आने के कारण और बोट की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और होमगार्ड की टीम

घटना की सूचना मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस और होमगार्ड विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और बोट में सवार जवानों से हादसे की जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में इंजन में खराबी आने के बाद बोट में पानी भरने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस और होमगार्ड विभाग हादसे के वास्तविक कारणों तथा पेट्रोलिंग के दौरान अपनाए गए सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रहे हैं।

सभी जवानों के सुरक्षित बचने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन बोट की क्षमता से कई गुना अधिक जवानों को सवार किए जाने का मामला जांच का प्रमुख बिंदु बन गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times