टोल बैरियर तोड़ भागी शराब से भरी स्कॉर्पियो, फिल्मी अंदाज में पीछा कर बरगी पुलिस ने दबोचा
359 बोतल और 48 पाव अंग्रेजी शराब जब्त, स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई; आरोपी गिरफ्तार
दैनिक रेवांचल टाइम्स – जबलपुर। एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस से बचने के लिए तस्कर टोल का बूम बैरियर तोड़ते हुए भागा, लेकिन आगे जाकर उसकी स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
निगरी कैनाल के पास पुलिस ने की नाकाबंदी
सूचना मिलते ही पुलिस ने निगरी कैनाल के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने की कोशिश की।
टोल का बूम बैरियर तोड़ा, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस के मुताबिक चालक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से दौड़ाया और रास्ते में टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गया। पुलिस टीम ने भी उसका पीछा जारी रखा।
भागते समय दून स्कूल के सामने कच्ची सड़क पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी आशुतोष शिवहरे गिरफ्तार
स्कॉर्पियो से निकला अंग्रेजी शराब का जखीरा
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, वोदका और बकार्डी रम सहित अन्य ब्रांड शामिल बताए गए हैं।
आबकारी और मोटर व्हीकल एक्ट में केस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही मुख्य भूमिका
प्रधान आरक्षक: विजय पटेल, होमन लाल
आरक्षक: मिथलेश और सुधीर
बरगी पुलिस की इस कार्रवाई ने शराब तस्करी के एक और मामले का खुलासा किया है। अब जांच का फोकस उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है, जिसके जरिए अंग्रेजी शराब की यह बड़ी खेप जबलपुर लाई जा रही थी।म्स
