जबलपुर। शहर में चेन और मंगलसूत्र लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब केवल पैदल चल रही महिलाएं ही नहीं, बल्कि चलती स्कूटी पर सवार महिलाएं भी स्नैचरों के निशाने पर हैं। ताजा मामला लार्डगंज थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम मोड़ का है, जहां बाइक सवार बदमाश ने चलती स्कूटी पर बैठी महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार विजयनगर निवासी कंचन पटेल, जो जेडी कार्यालय में कार्यरत हैं, ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह अपनी मां आरती पटेल के साथ एक्सिस स्कूटी से यादव कॉलोनी स्थित मामी के घर से अपने निवास विजयनगर लौट रही थीं।
पीछे से आया बाइक सवार, झटके में छीना मंगलसूत्र
जैसे ही दोनों शताब्दीपुरम मोड़ से पहले पगड़ी हाउस के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए एक युवक ने अचानक आरती पटेल के गले की ओर हाथ बढ़ाया। महिला ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने झटके से उनके गले में पहना सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और सड़क पार कर बल्देवबाग की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गया।
पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आया आरोपी
घटना के बाद कंचन पटेल ने अपनी स्कूटी से बदमाश का पीछा किया। एक राहगीर ने भी मोटरसाइकिल से आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़िता की शिकायत पर लार्डगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शिकायत के अनुसार आरोपी सफेद रंग की शर्ट और काली पैंट पहने हुए था।
शहर में बढ़ रही स्नैचिंग की वारदातें
लगातार हो रही चेन और मंगलसूत्र लूट की घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
