देश, प्रदेश, जिला, संभाग, तहसील, जिला और ग्राम स्तर पर संवाददाता चाहिए — संपर्क करें  |  डायरेक्टर, एडिटर इन चीफ — मोहम्मद असफाक आरिफ  |  शॉप - 1 दारुल उलूम मार्किट, मंडी मदार टेकरी, जबलपुर मध्य प्रदेश 482002  |  संपर्क: 9893230986

तोते ने बचाई पूरे परिवार की जान, कोबरा को देखकर मचाया शोर, डसने से खुद की हो गई मौत

 


सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से इंसान और पक्षी के अनोखे रिश्ते की भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पालतू तोते ने अपने मालिक के परिवार को जहरीले कोबरा सांप से बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। आधी रात घर में घुसे कोबरा को देखकर तोते ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे परिवार की नींद खुल गई। हालांकि, इस दौरान सांप के डसने से तोते की मौत हो गई।

आधी रात घर में घुसा जहरीला कोबरा

घटना सिवनी जिले के छपरा क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित देवरी कला गांव की है। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की रात करीब 12 बजे सुभाष पंचेश्वर और उनका परिवार रोज की तरह गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान एक इंडियन कोबरा घर में घुस आया और सीधे उस पिंजरे तक पहुंच गया, जहां परिवार का पालतू तोता रखा था।

तोते के शोर से खुली परिवार की नींद

कोबरा को देखते ही तोता लगातार तेज आवाज में चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए। जब उन्होंने देखा तो सांप पिंजरे में मौजूद था और तोता सांप के डसने से मृत पड़ा था। यदि तोता शोर नहीं मचाता तो सांप घर के अंदर किसी भी सदस्य को नुकसान पहुंचा सकता था।

सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने सर्प मित्र शिवम मुड़िया को बुलाया। मौके पर पहुंचे सर्प मित्र ने सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

परिवार ने कहा  उसने जान देकर हमें बचा लिया

परिवार अपने प्रिय तोते की मौत से दुखी है, लेकिन उनका कहना है कि यदि तोता समय रहते शोर नहीं मचाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार ने भावुक होकर कहा कि "उसने अपनी जान देकर हमारी जान बचा ली।"

बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप अक्सर घरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सांप दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने के बजाय सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
askari times
askari times
askari times