जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार, 10 अगस्त को आयोजित होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा एवं गुसेश्वर शाही सवारी यात्रा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए नगर निगम सीमा क्षेत्र के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय शहर में संभावित भारी यातायात, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने आदेश जारी करते हुए बताया कि अवकाश नगर निगम सीमा के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, CBSE एवं ICSE स्कूलों के विद्यार्थियों पर लागू रहेगा।
पढ़ाई प्रभावित न हो, अतिरिक्त कक्षाएं लगेंगी
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के कारण प्रभावित होने वाले शैक्षणिक कार्य एवं पाठ्यक्रम की भरपाई आगामी कार्य दिवसों में अतिरिक्त कालखंड (Extra Classes) लगाकर की जाएगी। सभी विद्यालयों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
सुबह 7 बजे ग्वारीघाट से निकलेगी यात्रा
संस्कार कांवड़ यात्रा एवं गुसेश्वर शाही सवारी यात्रा सोमवार सुबह 7 बजे ग्वारीघाट स्थित सिद्धघाट से प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कैलाशधाम स्थित भगवान नर्मेश्वर भोलेनाथ मंदिर पहुंचेगी।
यात्रा का प्रस्तावित मार्ग
- सिद्धघाट (ग्वारीघाट)
- चौक लॉर्डगंज
- रामपुर चौक
- गोरखपुर
- शास्त्री ब्रिज
- तीनपत्ती
- मालवीय चौक
- बड़ा फुहारा
- कमानिया गेट
- सराफा
- लकड़गंज
- बेलबाग
- घमापुर
- खमरिया स्टेट
- शीतलामाई
- कांचघर
- सतपुला
- गोकुलपुर
- रांझी
- ग्राम मटामर (तहसील पनागर)
- भगवान नर्मेश्वर भोलेनाथ मंदिर, कैलाशधाम
प्रशासन ने नागरिकों से की सहयोग की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें और यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन एवं निर्देशों का पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि अवकाश संबंधी जानकारी का पालन करें और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
