जबलपुर। यश भारती समरसता सेवा संगठन के संयोजन में शनिवार को हनुमानताल सरोवर में संस्कारधानी समरसता कुंजलियां महोत्सव का आयोजन किया गया। पूज्य साधु-संतों की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के मंच पर संस्कारधानी के पूज्य संतगण विराजमान रहे। इस अवसर पर लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
महोत्सव में शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता एक मंच पर नजर आई। पर्व की परंपरा के अनुरूप लोगों ने एक-दूसरे को कुंजलियां भेंट कर शुभकामनाएं दीं। लोगों ने बढ़-चढ़कर प्रार्थना में हिस्सा लिया। इस दौरान निर्बल और बेसहारा पशुओं के साथ महिलाओं के लिए घरेलू साजो-सामान और राशन वितरण भी किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में विभिन्न समाजों की ओर से लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक व्यंजनों और खान-पान के जायकों का लोगों ने आनंद लिया। आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल नजर आया। पुरानी परंपराओं के अनुरूप मनोरंजन के विभिन्न साधन भी उपलब्ध कराए गए।
समरसता कुंजलियां महोत्सव ने सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता का संदेश देते हुए लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया।
